श्री राम सेवक सभा की कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न धार्मिक आयोजनों की तिथियाँ घोषित
December 07, 2025
•
263 views
धर्म
नैनीताल: शहर की प्राचीनतम धार्मिक संस्था श्री राम सेवक सभा की कार्यकारिणी की बैठक आज सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष मनोज साह ने की, जबकि संचालन महासचिव जगदीश बावरी ने किया। बैठक में घनश्याम साह को आगामी तीन वर्षों के लिए सभा का संरक्षक नियुक्त किया गया। इसके साथ ही प्रो. ललित तिवारी, भुवन बिष्ट, दीपक साह, आशु बोरा और गिरीश भट्ट को कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता आनंद सिंह को शॉल उड़ाकर, माला पहनाकर और श्री राम दरबार भेंट कर सम्मानित किया गया। बैठक में आगामी धार्मिक कार्यक्रमों की तिथियों को भी अंतिम रूप दिया गया। निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार 21 दिसंबर 2025 को अपराह्न 3 बजे पोश माह के प्रथम रविवार पर बैठकी होली गायन होगा, जिसमें शहर के होली गायक भाग लेंगे। 
मकर संक्रांति पर दोपहर 1 बजे खिचड़ी भोज, 23 जनवरी को बसंत पंचमी, 20 फरवरी को शिवरात्रि, 27 फरवरी से होली कार्यक्रम और 20 मार्च को नव संवत्सर मनाया जाएगा।
बसंत पंचमी के अवसर पर सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार भी होंगे, जिसके लिए इच्छुक बटुक अपना पंजीकरण करा सकते हैं। कार्यकारिणी ने निर्णय लिया कि सभी कार्यक्रम भव्यता के साथ आयोजित किए जाएंगे। सभा ने जनमानस और रामानुरागी जनता से सभी आयोजनों में सहयोग का निवेदन किया है।
बैठक में उपाध्यक्ष अशोक साह, संयुक्त सचिव राजेंद्र बिष्ट, प्रबंधक विमल चौधरी, कोषाध्यक्ष बिमल साह, देवेंद्र लाल साह, राजेंद्र बजेठा, ललित साह आदि सदस्य उपस्थित रहे।


Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!